शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। कलूण-सलाणा-झीना सड़क पर पलाईश के पास करीब 11:45 बजे एक Tata Nexon कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे हुआ। दुर्घटना के समय कार में केवल एक युवक सवार था। मृतक की पहचान सुमित किमटा पुत्र नरेंद्र किमटा, निवासी गांव कलूण, डाकघर चम्बी, तहसील चौपाल, जिला शिमला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार पलाईश के पास पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
खाई में गिरते ही मची अफरा-तफरी
कार के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। हालांकि हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद थाना चौपाल की पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े आवश्यक तथ्यों को जुटाया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
हादसा किस वजह से हुआ, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों में वाहन चालक का कार पर से नियंत्रण खो गया और वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। पुलिस ने मामला दर्ज कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत
एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। प्रशासन की ओर से हादसे से संबंधित आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


