धर्मशाला: जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते शीला पासू में सड़क हादसे में हुई अंकुश सोनी (42) की मौत के बाद सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। न्याय की मांग को लेकर लोगों ने धर्मशाला-चैतड़ू-कांगड़ा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सुबह करीब साढ़े 10 बजे प्रदर्शनकारियों ने अंकुश का शव सड़क पर रखकर धरना शुरू किया, जिसके चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
यह हादसा पिछले सोमवार 10 अगस्त को धर्मशाला में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास हुआ था। इस दौरान एक महिला डॉक्टर की गाड़ी की स्कूटी से टक्कर हो गई थी। हादसे में घायल अंकुश का टांडा में करीब एक सप्ताह तक उपचार चला, लेकिन रविवार देर रात उसकी मौत हो गई। अंकुश अपने पीछे पत्नी, दो छोटी बेटियां और आठ माह का बेटा छोड़ गए हैं।
आरोपी डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग
चक्का जाम कर रहे परिजनों ने मांग की कि हादसे के आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और उसे मौके पर लाया जाए। परिवार ने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए भी उचित कदम उठाने की मांग की। मृतक की पत्नी शिवानी और उनकी माता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुनी मांगें
चक्का जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, एएसपी कांगड़ा आरपी जसवाल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं। एसडीएम ने मामले की जांच करवाने और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों ने अंकुश का शव सड़क से हटा लिया। इसके बाद करीब ढाई घंटे बाद दोपहर एक बजे के आसपास मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। चक्का जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


