शाहपुर, 9 अगस्त। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार गरीब और जरूरतमंद लोगों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के हर निर्णय की बुनियाद जनहित और गरीब कल्याण पर आधारित है। इसी दिशा में हिमाचल प्रदेश में बीपीएल परिवारों की पहचान और सूचियों में सुधार को लेकर शुरू की गई पहल को उन्होंने स्वागत योग्य बताया। रविवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के रेहलू में बीपीएल परिवारों को लेकर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस पहल से पुराने सिस्टम में बदलाव कर वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रयासों और लोकप्रियता से विरोधी दलों के नेता घबरा गए हैं। मुख्यमंत्री को लेकर की गई दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणियों की हिमाचल के लोगों ने भी कड़ी भर्त्सना की है। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो कागजों तक सीमित गरीबी उन्मूलन योजनाओं को धरातल पर उतारने और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार सेवा, समर्पण और व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रही है। आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने आपदा राहत मैनुअल, इंतकाल अदालतों का आयोजन और निराश्रित बच्चों के लिए सुखाश्रय योजना जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। अब पात्र और जरूरतमंद परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल करने की दिशा में भी पहल की गई है।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सुक्खू सरकार ने पहली बार राज्य में 90,000 अति-गरीब परिवारों की पहचान के लिए ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना शुरू की है। इसके तहत कराए गए पारदर्शी सर्वे में राज्य के करीब 85,000 से 90,000 अति-गरीब परिवारों की पहचान हुई है, जो आजादी के बाद से अब तक कभी बीपीएल सूची में शामिल नहीं हो पाए थे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहे। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों के चयन के लिए आय सीमा में भी बड़ी राहत दी गई है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुरक्षा का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सुक्खू सरकार ने ग्राम सभाओं की सिफारिशों को दोबारा सत्यापित करने के लिए उपमंडल स्तर और खंड विकास अधिकारी की दो सदस्यीय कमेटी गठित की है। इससे फर्जीवाड़े पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा पूरे प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में विधायक और उच्चाधिकारी चिन्हित गरीब परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं मौके पर सुन रहे हैं। इससे प्रशासन सीधे लोगों के द्वार तक पहुंच रहा है।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य संदीप और सुरेंद्र, बीडीसी सदस्य कांता देवी और राजविंदर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, रेहलू पंचायत प्रधान सीमा महाजन, सकोउ के कर्ण, पंचायत प्रधान नीलमा देवी, मझग्रां के सुरेश कुमार, दरगेला पंचायत प्रधान देश राज, ठारू के कुलविंदर सिंह, क्यारी की मंजू देवी सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


