चंबा जिले के बनीखेत-डल्हौजी संपर्क मार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। भटिया के समीप सड़क का कच्चा किनारा अचानक धंस जाने से एक कार खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि कार में मौजूद दादी और उनकी 6 वर्षीय पोती को केवल मामूली चोटें आईं और समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, भनौता गांव निवासी जोगिंद्र कुमार अपनी पत्नी कुसुमलता और 6 वर्षीय पोती नविष्का शर्मा, पुत्री विकास शर्मा, के साथ कार में डल्हौजी से बनीखेत की ओर लौट रहे थे। भटिया के पास जोगिंद्र कुमार शौच के लिए रुके और उन्होंने कार को सड़क के किनारे कच्चे हिस्से में खड़ा किया। जैसे ही वह कार से बाहर निकले, अचानक कार के नीचे की जमीन धंस गई और वाहन पत्नी व पोती सहित खाई में लुढ़क गया।

हादसा होते ही वहां से गुजर रहे लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने खाई में उतरकर कुसुमलता और नविष्का को सुरक्षित बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। घटना की सूचना तुरंत डल्हौजी थाना पुलिस को भी दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल डल्हौजी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मामूली चोटें होने की पुष्टि की और प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से खाई में गिरी कार को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क किनारों की सुरक्षा और बरसात के मौसम में सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


