शाहपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को नई गति मिली है। इसी कड़ी में प्रदेश महामंत्री भाजपा जनजाति मोर्चा एवं वरिष्ठ समाजसेवी कमल शर्मा ने ग्राम पंचायत हरनेरा और मनेई में 280 फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण किया। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।

पौधों के वितरण कार्यक्रम में ग्रामीणों को नींबू, किन्नू और मौसमी के पौधे दिए गए। कमल शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपनी माताओं के सम्मान और प्रकृति की सुरक्षा के लिए कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि उनकी संस्था (एनजीओ) हर वर्ष करीब एक हजार फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण करती है। उनका उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक फल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी है।

कमल शर्मा ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य में कई लोगों को छाया, स्वच्छ हवा और फल प्रदान करेगा। इसलिए पौधारोपण को जन आंदोलन का रूप देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत हरनेरा की प्रधान मीनाक्षी शर्मा, ग्राम पंचायत मनेई के प्रधान सरवन धीमान, उपप्रधान कृपाल संधू, ब्लॉक समिति सदस्य नरेश कुमार, भाजयुमो जिला महामंत्री अरुण कौशल, एसटी मोर्चा जिला सचिव मुंशी लाल, प्रदीप चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


