हिमाचल प्रदेश की राजनीति में मंगलवार को हलचल तेज हो गई, जब शिमला में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, कांग्रेस सरकार की कार्यशैली और 21 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक की शुरुआत संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के पिता स्वर्गीय नारायणन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। विधायक दल के सचिव एवं विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि बैठक में कांग्रेस सरकार पर भाजपा नेताओं, पूर्व विधायकों, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ लगातार झूठे मुकदमे दर्ज करने तथा पुलिस, प्रशासन और सरकारी एजेंसियों के राजनीतिक दुरुपयोग का आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की।

रणधीर शर्मा ने बताया कि इन मुद्दों के विरोध में 5 अगस्त को सुबह 10 बजे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में सीटीओ चौक, शिमला से विशाल विरोध प्रदर्शन और मार्च निकाला जाएगा। इसमें भाजपा के सभी विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल शिमला तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कांग्रेस सरकार की कथित प्रतिशोधात्मक राजनीति को पूरे प्रदेश में जनता के सामने रखा जाएगा।

बैठक में आगामी विधानसभा मानसून सत्र की रणनीति पर भी चर्चा हुई। भाजपा ने फैसला किया कि सत्र के दौरान प्रदेश में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों, भूस्खलन, बिजली और पेयजल आपूर्ति की समस्याओं, मानसून की तैयारियों में कथित कमी तथा प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। रणधीर शर्मा ने कहा कि वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित कई परिवार अब भी पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं और क्षतिग्रस्त आधारभूत ढांचे का पुनर्निर्माण भी अधूरा है। भाजपा इन सभी मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और भाजपा इन सभी जनहित के मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाएगी। बैठक में सतपाल सिंह सत्ती, विक्रम ठाकुर, हंसराज, राकेश जमवाल, विनोद कुमार, पवन काजल, इंदर सिंह गांधी, अनिल शर्मा, विपिन सिंह परमार, सुधीर शर्मा, प्रकाश राणा, आशीष शर्मा, डीएस ठाकुर, इंद्र दत्त लखनपाल, रणधीर शर्मा, त्रिलोक जमवाल, सुरेंद्र शौरी, दिलीप ठाकुर, जनक राज, पूर्ण चंद, दीपराज, जे.आर. कटवाल, रणवीर सिंह और रीना कश्यप सहित भाजपा विधायक दल के सदस्य मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


