शाहपुर, कांगड़ा में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कांगड़ा के जिला महामंत्री अरुण कौशल ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर रोजगार के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद भी लाखों युवा आज रोजगार का इंतजार कर रहे हैं।

अरुण कौशल ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि रोजगार के अवसर बढ़ाने के बजाय युवा लगातार सरकारी भर्तियों का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने हाल ही में मंत्री हर्षवर्धन चौहान के एक बयान का भी उल्लेख किया। अरुण कौशल के अनुसार, मंत्री ने अपने क्षेत्र के लोगों को आउटसोर्स के माध्यम से रोजगार दिलाने की बात कही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता और समान अवसर की बजाय सिफारिश और पक्षपात को बढ़ावा दिया जाएगा, तो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं का मनोबल प्रभावित होगा।

अरुण कौशल ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को योग्यता के आधार पर समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से रोजगार प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने की मांग की।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


