हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के रायसन की होनहार बेटी संस्कृति नेगी (उर्फ सारा नेगी) ने NEET UG 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। संस्कृति ने 586 अंक हासिल कर अनुसूचित जनजाति (ST) श्रेणी में अखिल भारतीय (AIR) 110वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे कुल्लू जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

रायसन ग्राम पंचायत निवासी संस्कृति नेगी, बी. डी. नेगी और मंजू नेगी की पुत्री हैं। 21 जून 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा के घोषित परिणाम में उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के दम पर यह सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और लगातार मेहनत के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
संस्कृति ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, माता-पिता के मार्गदर्शन, परिवार और रिश्तेदारों के सहयोग तथा ईश्वर की कृपा को दिया। उनका कहना है कि सकारात्मक सोच, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उनकी यह उपलब्धि चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनी है।

संस्कृति की सफलता पर पूरे कुल्लू जिले में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई कि संस्कृति आगे चलकर एक संवेदनशील और कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगी।
मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी संस्कृति नेगी को इस शानदार सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संस्कृति की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है और उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर हिमाचल प्रदेश और देश का नाम और ऊंचा करेंगी।

संस्कृति नेगी की सफलता ने रायसन सहित पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदारी से की जाए और आत्मविश्वास बनाए रखा जाए, तो सफलता जरूर मिलती है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


