शिमला। जिला शिमला के नेरवा पुलिस थाना क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की गहन जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेरवा, जिला शिमला निवासी भादर सिंह पुत्र चाखरू राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पर्याप्त और पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। कोर्ट में पेशी के बाद माननीय न्यायालय ने उसे 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।

इस मामले की शुरुआत 22 मई को हुई थी, जब नेरवा पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ विशेष अभियान चलाया था। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अफीम के पौधों को नष्ट कर दिया था। उस समय पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर भादर सिंह की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

शिमला पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस ने साफ किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!