पालमपुर। शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर की एनसीसी कैडेट मुस्कान ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। मुस्कान ने 2 हिमाचल प्रदेश बटालियन एनसीसी मंडी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय राष्ट्रीय ड्रोन प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है।

राष्ट्रीय स्तर के इस प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न एनसीसी इकाइयों से चयनित 58 कैडेट्स ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ड्रोन संचालन, आधुनिक ड्रोन तकनीक, सुरक्षा मानकों तथा कृषि, आपदा प्रबंधन, सर्वेक्षण, पर्यावरण संरक्षण और निगरानी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ड्रोन के उपयोग का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज सूद ने मुस्कान को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से युवा भविष्य की तकनीकी चुनौतियों का सामना करने के लिए बेहतर तरीके से तैयार होते हैं।

महाविद्यालय की एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट रेनू डोगरा ने बताया कि वर्तमान समय में ड्रोन तकनीक का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर एनसीसी कैडेट्स को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि कैडेट मुस्कान की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और अधिक से अधिक कैडेट्स आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उत्साहित होंगे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!