शाहपुर। कई बार समाज के लिए किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ी मिसाल बन जाते हैं। ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण उस सड़क पर देखने को मिला, जो दुर्गेल्ला होते हुए धर्मशाला की ओर जाती है। यहां सड़क के दोनों किनारों पर बिच्छू बूटी इतनी अधिक फैल चुकी थी कि पैदल चलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया था। यदि सामने से कोई वाहन आ जाता था तो राहगीरों के पास किनारे खड़े होने तक की जगह नहीं बचती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले सप्ताह एक दोपहिया वाहन चालक भी बिच्छू बूटी में गिर गया था, जिससे उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस समस्या को देखते हुए दो दोस्तों संदीप राणा और अवतार जमवाल ने खुद आगे आकर श्रमदान करने का फैसला किया। दोनों ने अपने प्रयासों से सड़क के दोनों ओर फैली बिच्छू बूटी को साफ कर दिया, जिससे अब राहगीरों और वाहन चालकों को काफी राहत मिली है। उनके इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोगों और वहां से गुजरने वाले यात्रियों ने खुलकर प्रशंसा की।

इस सफाई अभियान में छोटे बालक विहान राणा और सुभाष राणा ने भी अपना योगदान दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जो कार्य संबंधित विभाग को करना चाहिए था, वह इन युवाओं ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए पूरा कर दिखाया। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल से अन्य लोग भी समाज हित में आगे आएंगे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!