धर्मशाला, 6 जुलाई। जिला कांगड़ा में 14 वर्षीय स्कूली छात्र की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बाल विकास समिति (सीडब्ल्यूसी) जिला कांगड़ा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना खुंडियां से प्रारंभिक जांच की स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। समिति ने जिला के स्कूलों में छात्रों के कथित उत्पीड़न के चलते सामने आ रही आत्महत्या की घटनाओं पर भी गहरी चिंता व्यक्त की है।

जिला कांगड़ा बाल विकास समिति के अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि खुंडियां थाना क्षेत्र के तहत देहरा उपमंडल के लोअर सुनहेत स्थित एक स्कूल और उसके हॉस्टल में कथित उत्पीड़न के बाद 14 वर्षीय छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में समिति ने स्वतः संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न समाचार माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें इस मामले पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में समिति के सदस्य संगीता गौतम, विजय कुमार, विकास और नरेशठा कुमारी भी मौजूद रहे। समिति ने पुलिस से मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्र के परिजनों की शिकायत पर लोअर सुनहेत स्थित स्कूल के एमडी, प्रिंसिपल, हॉस्टल वार्डन और स्कूल बस चालक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!