शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के नेरटी में आयोजित 230 वर्ष पुराने ऐतिहासिक देहरा-नेरटी वार्षिक मेले को जिला स्तरीय दर्जा मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए हवन में पूर्णाहुति भी दी।

अपने संबोधन में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि देहरा-नेरटी मेले को वर्षों तक संरक्षित रखने में प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. गौतम व्यथित और उनके परिवार का अहम योगदान रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय मेलों और उत्सवों के संरक्षण के लिए प्रदेश स्तर पर एक ठोस नीति बनाई जानी चाहिए, ताकि सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके।
उन्होंने कहा कि यह मांग लंबे समय से लंबित थी, लेकिन पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। वर्तमान सरकार के प्रयासों से यह वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है, जिसके लिए उन्होंने नेरटी पंचायत और सभी क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

उपमुख्य सचेतक ने रैत-कोहला सड़क निर्माण कार्य की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सड़क पर लगभग डेढ़ किलोमीटर हिस्से में कंक्रीट कार्य किया जा रहा है और संबंधित विभाग व ठेकेदार को टायरिंग और अन्य कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए 51 हजार रुपये, स्थानीय कलाकार विक्रांत भंद्राल को 21 हजार रुपये, अशोक चौधरी को 11 हजार रुपये और साहिल पठानिया को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में कांगड़ा लोक साहित्य परिषद ने मुख्य अतिथि को शाल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. गौतम व्यथित ने मेले को जिला स्तरीय दर्जा मिलने पर सरकार, मुख्यमंत्री और उपमुख्य सचेतक का आभार जताया।
कार्यक्रम के दौरान हरि कृष्ण मुरारी की पुस्तक ‘चल तरीका जो चलदे’ का विमोचन भी किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली कलाकारों और विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।

इस अवसर पर कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!