Kangra: नशा मुक्त भारत अभियान हुआ शुरू, 17 से 26 जून तक चलेगी खास मुहिम, जानें कैसे लें शपथ

धर्मशाला: नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और लोगों को इस सामाजिक बुराई से दूर रखने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के नेतृत्व में नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। जिला कल्याण अधिकारी कांगड़ा ने बताया कि विभाग इस अभियान का नोडल विभाग है और इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों और उनके सामाजिक प्रभावों के प्रति जागरूक बनाना है।


उन्होंने जानकारी दी कि ‘नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर 26 जून को देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 17 जून से 26 जून 2026 तक नशा मुक्त भारत अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में विभिन्न ऑफलाइन और ऑनलाइन गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के खतरों और उसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करना है।

Advertisement


जिला कल्याण अधिकारी ने लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक को नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति https://nmba.dosje.gov.in/content/take-a-pledge के माध्यम से ऑनलाइन शपथ लेकर इस मुहिम का समर्थन कर सकते हैं और अपने परिवार, मित्रों व समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित कर सकते हैं।


उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास ही समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बना सकते हैं। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़कर नशा मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करना चाहिए।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!