औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के अंतर्गत नंगल कलां के वार्ड नंबर-3 में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। देर रात बदमाश कमरे की ग्रिल उखाड़कर मकान के अंदर दाखिल हुए और दो कमरों की तलाशी लेने के बाद कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के साथ वाले कमरे में सो रहे थे और उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार यह वारदात निर्मल सिंह के घर में हुई। चोरों ने एक कमरे में रखी पेटी का कुंडा तोड़ दिया और उसमें रखा सामान इधर-उधर बिखेर दिया। इसके बाद वे घर में मौजूद सोने और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में दो सोने की चेन, दो सोने की नथ, चार सोने की अंगूठियां, एक पायल, 20 चांदी के सिक्के और आठ चांदी के कंगन शामिल बताए गए हैं।

सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरों का बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद सुबह करीब छह बजे पुलिस थाना टाहलीवाल को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!