हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय, हमीरपुर द्वारा आयोजित HPCET-2026 (बी.फार्मेसी) प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस परीक्षा में कांगड़ा जिले के धर्मशाला की होनहार छात्रा रिधिमा ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उनकी इस शानदार सफलता से परिवार, सकोह क्षेत्र और पूरे कांगड़ा जिले में खुशी का माहौल है।
धर्मशाला के समीप स्थित गांव सकोह की रहने वाली रिधिमा ने इस कठिन कॉमन एंट्रेंस टेस्ट में 552 अंक प्राप्त कर प्रदेशभर में टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि लगन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। रिधिमा के पिता कमलजीत और माता पूजा ने अपनी बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है।

रिधिमा ने अपनी सफलता का श्रेय लगातार मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण को दिया है। उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनके माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के अन्य सदस्यों के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
अपनी उपलब्धि से उत्साहित रिधिमा ने अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम के दम पर जीवन में किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर सामने आई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!