चंबा जिले में एक नाबालिग लड़की को चेन्नई से बरामद कर वापस लाने वाली महिला थाना पुलिस की टीम अब खुद विवादों में घिर गई है। युवती और उसके परिवार की शिकायत के बाद पुलिस विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए महिला थाना की टीम में शामिल चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए कर्मियों में एक सब इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल शामिल हैं। सभी का मुख्यालय फिलहाल पुलिस लाइन तय किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, चुराह उपमंडल के एक व्यक्ति ने 7 अप्रैल को महिला थाना चंबा में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी को क्षेत्र का ही एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलने के बाद महिला थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन और तकनीकी इनपुट जुटाए गए, जिसके आधार पर युवती और युवक की लोकेशन चेन्नई में ट्रेस हुई।
इसके बाद महिला थाना चंबा की विशेष टीम दक्षिण भारत रवाना हुई। पुलिस टीम ने करीब 2800 किलोमीटर लंबा सफर तय किया। ट्रेन से आने-जाने में लगभग 10 दिन लगे, जबकि चेन्नई में चार दिन तक लगातार सर्च अभियान चलाकर युवक और युवती को ढूंढ निकाला गया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को चंबा लाया गया। शुरुआत में इस कार्रवाई की जिलेभर में सराहना हो रही थी, लेकिन अब मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
युवती और उसके परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस टीम ने बयान दर्ज कराने को लेकर दबाव बनाया और डराने-धमकाने की कोशिश की। शिकायत में यह भी कहा गया कि कानूनी प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया। शिकायत सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच में कुछ अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद संबंधित चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।
मामला नाबालिग लड़की से जुड़ा होने के कारण पुलिस विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि कहीं जांच प्रक्रिया के दौरान पीड़िता के अधिकारों का उल्लंघन तो नहीं हुआ। दूसरी ओर, युवक अभी पुलिस हिरासत में है और आगे की कार्रवाई युवती के विस्तृत बयान के आधार पर तय की जाएगी। पुलिस यह भी स्पष्ट करने में जुटी है कि युवती को वास्तव में बहला-फुसलाकर ले जाया गया था या वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी।
एएसपी चंबा दिनेश शर्मा ने बताया कि शिकायतों और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!