हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी स्थित दखड़ू माजरा में आठ वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है। बच्ची के पिता के बयान के आधार पर महिला के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पिता ने आरोप लगाया है कि बच्ची के साथ मारपीट की गई और उसे खाना भी नहीं दिया गया। पुलिस को शुरुआती जांच में बच्ची की मौत दम घुटने से होने की आशंका है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नंदगांव निवासी रोशन लाल अपने परिवार के साथ दखड़ू माजरा में किराये के मकान में रहता है। आरोप है कि सोमवार सुबह से ही उसकी पत्नी अपनी आठ वर्षीय बेटी पर गुस्सा कर रही थी। पिता ने अपने बयान में बताया कि महिला ने बच्ची को खाना नहीं दिया और उसके साथ मारपीट भी की।
पिता से बिस्कुट लाने को कहा, फिर मिली बेहोश
बताया जा रहा है कि बच्ची ने अपने पिता को बताया था कि उसकी मां बिना किसी कारण उसे पीट रही है। बच्ची ने यह भी कहा कि उसे दूध नहीं दिया गया, जबकि उसकी छोटी बहन को दूध पिलाया जा रहा था। इसके बाद बच्ची ने पिता से बिस्कुट लाने के लिए कहा। बेटी की बात सुनकर रोशन लाल पास की दुकान से बिस्कुट लेने चला गया।
इसी दौरान सब्जी बेचने वाले एक युवक ने आवाज देकर उसे बताया कि उसकी पत्नी बच्ची को पीट रही है। सूचना मिलते ही रोशन लाल तुरंत कमरे की ओर भागा। वहां पहुंचने पर उसने अपनी बेटी को फर्श पर बेहोश पड़ा देखा।
पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज
घटना के बाद रोशन लाल ने पुलिस को सूचना दी और अपनी पत्नी पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची के शव को कब्जे में लिया और उसे बद्दी अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जुन्गा से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में बच्ची के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, उसकी मौत दम घुटने से होने की आशंका जताई जा रही है। मंगलवार को एम्स बिलासपुर में शव का पोस्टमार्टम किए जाने की जानकारी दी गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
डीएसपी बद्दी योगराज ने बताया कि महिला के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बच्ची के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


