Kangra: नूरपुर पंचायत चुनाव मतगणना केंद्रों पर सख्त सुरक्षा, स्ट्रांग रूम का उच्च अधिकारियों ने किया निरीक्षण

पुलिस जिला नूरपुर के सभी चार ब्लॉकों में पंचायत चुनावों की मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार सक्रिय हैं और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा और एसडीएम इन्दौरा ने संयुक्त रूप से जिला परिषद और बीडीसी वोटों के स्ट्रांग रूम तथा मतगणना केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की भी जांच की। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए कि बिना अधिकृत पास के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति न दी जाए।

नूरपुर जिले के सभी चार ब्लॉकों में मतगणना सुचारू रूप से चल रही है। अब तक 72 में से 13 ग्राम पंचायतों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि अन्य स्थानों पर गिनती जारी है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था नियंत्रण में बताई जा रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों और आम जनता से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!