शाहपुर, 19 मई 2026 (रिपोर्ट: सोनू ठाकुर): शाहपुर नगर पंचायत चुनाव के बाद जहां एक ओर नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई देने का सिलसिला जारी है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में विकास योजनाओं को लेकर चर्चा और सवाल भी तेज हो गए हैं। शाहपुर को मिले करीब 10 करोड़ रुपये के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और शॉपिंग मॉल जैसे प्रस्तावित प्रोजेक्ट को लेकर लोगों में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि क्या इस विकास के नाम पर वर्षों से इस्तेमाल हो रहा सामुदायिक भवन प्रभावित होगा। ग्रामीणों का कहना है कि इसी भवन में लंबे समय से गरीब परिवार कम खर्च में शादी और छोटे आयोजन करते आए हैं। अब आशंका जताई जा रही है कि प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स के निर्माण से यह सुविधा कहीं आम लोगों की पहुंच से बाहर न हो जाए।

लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि जिस सामुदायिक भवन को पहले लोगों की सुविधा के लिए स्थापित किया गया था, क्या वही अब नए विकास प्रोजेक्ट की भेंट चढ़ जाएगा। इस मुद्दे पर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और लोग अपने-अपने तरीके से प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
हालांकि कई लोग इस विकास योजना का स्वागत भी कर रहे हैं। उनका मानना है कि इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और शॉपिंग मॉल बनने से क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं बढ़ेंगी और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे। लेकिन साथ ही यह मांग भी उठ रही है कि विकास ऐसा हो जो नई सुविधाओं के साथ-साथ आम जनता की पुरानी जरूरतों को भी सुरक्षित रखे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास का उद्देश्य तभी सफल माना जाएगा जब वह सभी वर्गों को साथ लेकर चले, न कि किसी एक वर्ग की सुविधा को प्रभावित करे। इसी बीच शाहपुर में यह चर्चा भी चल रही है कि “विकास किसका और कीमत किसकी” जैसे सवाल अब आम लोगों के बीच तेजी से उठने लगे हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!