Himachal: घर में खड़ी थी कार, फिर भी कट गया टोल! मंडी में FASTag से 155 रुपये कटने पर मचा हड़कंप

मंडी, 19 मई 2026: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से FASTag से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति की कार घर के गैराज में खड़ी थी, लेकिन इसके बावजूद आधी रात को करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित टोल प्लाजा से 155 रुपये का टोल कट गया। इस घटना के बाद वाहन मालिक हैरान है और अब इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि यह डिजिटल ठगी है या फिर तकनीकी खामी।

जानकारी के अनुसार मंडी शहर के रामनगर मंगवाई निवासी युगल किशोर शर्मा उर्फ काकू पंडित ब्रदर्स को सोमवार को मोबाइल पर एक मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज में बताया गया कि उनकी कार का 17 मई की रात 11 बजकर 32 मिनट 53 सेकंड पर कीरतपुर-नेरचौक-मनाली फोरलेन स्थित गड़ामोड़ा टोल प्लाजा पर 155 रुपये का टोल काटा गया है। मैसेज देखते ही युगल किशोर हैरान रह गए, क्योंकि उनकी कार उस समय घर और दुकान के पास बने गैराज में खड़ी थी।

Advertisement

युगल किशोर ने बताया कि मैसेज मिलने के तुरंत बाद उन्होंने गैराज जाकर देखा, जहां उनकी कार सुरक्षित खड़ी मिली। उन्होंने कहा कि गैराज पर ताला लगा हुआ था और घर में केवल पति-पत्नी ही मौजूद थे। ऐसे में कार के टोल प्लाजा से गुजरने का सवाल ही नहीं उठता।

घटना के बाद उन्होंने टोल-फ्री नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन पूरे दिन कोई जवाब नहीं मिला। अब उन्होंने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने का फैसला लिया है। इस घटना के बाद लोगों के बीच FASTag सुरक्षा और गलत टोल कटने को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हाल के वर्षों में देशभर में इस तरह के कई मामले सामने आए हैं, जिनमें वाहन घर पर खड़े होने के बावजूद टोल कटने की शिकायतें मिली हैं। 

विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे मामलों में तकनीकी गड़बड़ी, गलत वाहन नंबर एंट्री या FASTag सिस्टम में त्रुटि जैसी वजहें सामने आती रही हैं। NHAI ने भी गलत FASTag कटौती के मामलों में कई टोल ऑपरेटरों पर कार्रवाई की है।  

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!