देहरा, 18 मई 2026: पुलिस जिला देहरा ने उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आईपीएस शुमायला चौधरी के नेतृत्व में गठित उद्घोषित अपराधी एवं गुमशुदा व्यक्ति इकाई (POMPU) द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव कुमार (55) पुत्र पूर्ण चंद निवासी गांव दर्गिया, तहसील देहरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दो अलग-अलग मामलों में न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। उस पर धारा 138 विनिमय लिखत अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में अदालत में पेश न होने और समन तथा वारंट की लगातार अवहेलना करने के आरोप हैं। बताया गया कि आरोपी को क्रमशः वर्ष 2018 और 2024 में उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।

गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बद्दी के बरोटीवाला क्षेत्र में विशेष सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने आरोपी को 29 मई 2026 तक न्यायिक हिरासत में जिला कारागार धर्मशाला भेजने के आदेश दिए हैं।
पुलिस विभाग के मुताबिक, POMPU टीम लगातार उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। अब तक टीम पांच उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और कानून से बचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!