शिमला, 18 मई 2026: भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों के बीच अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए दो नेताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने नालागढ़-पंजेहरा मंडल से जुड़े दो पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पार्टी से छह वर्षों के लिए निलंबित कर दिया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए गठित अनुशासन समिति को किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर और किसान मोर्चा जिला प्रवक्ता अमित राणा के खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई थीं। आरोप था कि ज्ञान ठाकुर ने जिला परिषद चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा, जबकि अमित राणा पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप लगे।
अनुशासन समिति ने शिकायतों पर गंभीरता से विचार करने के बाद इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को कार्रवाई की सिफारिश भेजी। समिति की सिफारिश के आधार पर डॉ. राजीव बिंदल ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए दोनों नेताओं को उनके दायित्वों से मुक्त कर पार्टी से छह साल के लिए निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ज्ञान ठाकुर नालागढ़ के वार्ड नंबर-14 दनोटा से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे थे। वहीं अमित राणा पर चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप है। भाजपा नेतृत्व ने साफ संकेत दिए हैं कि चुनावों के दौरान पार्टी अनुशासन से समझौता नहीं किया जाएगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!