Una: भाजपा का गढ़ बरकरार! गगरेट नगर पंचायत की सभी 7 सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का कब्जा

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले की नगर पंचायत गगरेट में हुए चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा है। सात वार्डों वाली नगर पंचायत गगरेट में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने सभी सीटों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस को पूरी तरह पीछे छोड़ दिया। कई वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मैदान में ही नहीं उतरे, जिसके चलते मुकाबला भाजपा बनाम भाजपा देखने को मिला। चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जश्न का माहौल है।

नगर पंचायत गगरेट में इस बार महिला नेतृत्व को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। सात वार्डों में से तीन वार्डों से महिला उम्मीदवार विजयी हुई हैं। चूंकि नगर पंचायत अध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित है, ऐसे में अब वार्ड नंबर-3 से सरोज कुमारी, वार्ड नंबर-4 से बबीता कुमारी और वार्ड नंबर-7 से मंजू बाला के बीच अध्यक्ष पद की दौड़ मानी जा रही है।

वार्ड नंबर-1 में भाजपा समर्थित विकास कालिया ने सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए 209 वोट हासिल किए। उनके मुकाबले भाजपा समर्थित ही तरसेम लाल को 82 वोट मिले, जबकि 2 वोट नोटा के पक्ष में पड़े। विकास कालिया ने 127 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। वार्ड नंबर-2 में भाजपा समर्थित विकास शर्मा ने कांग्रेस समर्थित नरेंद्र राणा को 52 वोटों से हराया। विकास शर्मा को 146 वोट मिले, जबकि नरेंद्र राणा को 94 वोट प्राप्त हुए।

वार्ड नंबर-3 में बेहद कांटे की टक्कर देखने को मिली। यहां सरोज कुमारी ने 122 वोट हासिल कर महज 8 वोटों से जीत दर्ज की। तृप्ता देवी को 114 वोट मिले, जबकि नैंसी को 94 और रंजना को 15 वोट प्राप्त हुए। वार्ड नंबर-4 में बबीता कुमारी ने 183 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। भावना को 140 और राजकुमारी को 94 वोट मिले। इस वार्ड में 5 वोट नोटा को भी पड़े। बबीता ने 43 वोटों के अंतर से जीत अपने नाम की।

वार्ड नंबर-5 में भाजपा समर्थित मंगा राम 127 वोट हासिल कर विजयी रहे। कांग्रेस समर्थित बलराम को 66 और राजिंदर कुमार को 49 वोट मिले। वार्ड नंबर-6 में भाजपा के जनकराज ने 162 वोट हासिल कर उमेश कुमार को हराया, जिन्हें 143 वोट मिले। वहीं वार्ड नंबर-7 में मंजू बाला ने 102 वोट लेकर जीत दर्ज की। उनकी प्रतिद्वंद्वी अनीता को 92 वोट मिले, जबकि 2 वोट नोटा को पड़े।

इस चुनाव में वार्ड नंबर-2 से विकास शर्मा और वार्ड नंबर-7 से मंजू बाला की जीत सबसे ज्यादा चर्चा में रही। दोनों उम्मीदवार अपने मूल वार्ड छोड़कर दूसरे वार्ड से चुनाव मैदान में उतरे थे और शानदार जीत हासिल करने में सफल रहे। वहीं तृप्ता देवी अपने मूल वार्ड से अलग वार्ड में चुनाव लड़ते हुए महज 8 वोटों से हार गईं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!