ज्वालामुखी क्षेत्र में बुधवार को अवैध शराब तस्करी का एक मामला सामने आया, जहां पकड़े जाने के डर से एक युवक शराब से भरी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। यह घटना भैरव बाबा मंदिर रोड के पास की है, जहां संदिग्ध गतिविधि देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, एक वाहन चालक एचपी 36बी1593 नंबर की गाड़ी में अवैध रूप से शराब की 8 पेटियां लेकर ज्वालामुखी रोड से गुजर रहा था। इन पेटियों में एक पेटी बियर, पांच देशी शराब और दो अंग्रेजी शराब की पेटियां शामिल थीं।
बताया जा रहा है कि इस दौरान स्थानीय शराब ठेकेदारों की नजर उस गाड़ी पर पड़ी और उन्होंने वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा किए जाने का आभास होते ही चालक घबरा गया और भैरव रोड के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की।
जांच के दौरान पुलिस ने कुलदीप पुत्र प्यार चंद (28 वर्ष) को हिरासत में लिया है। साथ ही गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और कहां पहुंचाई जानी थी। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!