Baddi Factory Blast: एसी कंप्रेसर फटने से दर्दनाक हादसा, युवक की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल

हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। जुड्डीकलां स्थित एक निजी कंपनी में नए एसी यूनिट लगाने के दौरान अचानक कंप्रेसर में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार कंपनी में एसी यूनिट इंस्टॉल करने का काम चल रहा था, तभी अचानक कंप्रेसर फट गया और अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 20 वर्षीय ऋषभ, पुत्र बलदीप, निवासी धर्मपुर, सरकाघाट (जिला मंडी) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं मान सिंह, पुत्र रति राम, निवासी जोबरी (तहसील सोलन) इस विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना बद्दी की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हादसे के कारणों की सटीक जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!