पठानकोट से जालंधर को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-44 पर उस समय हड़कंप मच गया, जब डमटाल स्थित दाना मंडी के बाहर एक ट्रक में अचानक आग लग गई। यह घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जब हरियाणा नंबर का एक ट्रक पठानकोट से जालंधर की ओर जा रहा था। ट्रक में खाली बोरियों का बारदाना लदा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ट्रक डमटाल बाजार में पहुंचा, उसके कैबिन से अचानक धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोका और खुद बाहर निकल आया। चालक के बाहर निकलते ही आग ने तेजी से पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पठानकोट फायर ब्रिगेड और रश्मि ग्रुप मोहटली की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा और कोई जनहानि नहीं हुई।
हालांकि, आग लगने से ट्रक और उसमें लदा लाखों रुपए का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!