सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में उस समय सनसनी फैल गई जब बिलांवाली लबाणा में एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान ओमकार चौधरी पुत्र दिलावर सिंह, निवासी गांव छितावर, डाकघर किरतपुर, तहसील व जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवार रात मृतक का कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान भी कर ली है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान खुद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम ने भी मौके का दौरा कर अहम सुराग इकट्ठा किए हैं।
पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसपी विनोद धीमान ने साफ कहा है कि इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ और अन्य सबूतों की जांच में जुटी हुई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!