हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली बाजार में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। छावनी क्षेत्र के मशहूर हेरिटेज बाजार में लगी इस आग ने देखते ही देखते आठ दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि कई रेस्तरां भी इसकी जद में आ गए, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 4 बजे लगी। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और विद्युत बोर्ड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए चार दमकल गाड़ियों को लगाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि इस हादसे में आठ दुकानदारों की दुकानें प्रभावित हुई हैं, जिनमें गिफ्ट शॉप, फास्ट फूड, स्वीट्स और मेडिकल स्टोर शामिल हैं। प्रशासन ने राहत के तौर पर सभी प्रभावित दुकानदारों को 25-25 हजार रुपए की फौरी सहायता प्रदान की है।
उपमंडलाधिकारी कसौली की रिपोर्ट के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 3 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क करें।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!