Solan: रात में दबिश, खड्ड में चल रहा था खेल: माइनिंग टीम ने पकड़ी JCB-टिप्पर, लाखों का जुर्माना

क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत माइनिंग विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महादेव खड्ड में छापेमारी कर एक जेसीबी और एक टिप्पर को रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई माइनिंग इंस्पेक्टर हेमराज के नेतृत्व में की गई, जहां टीम ने रात के समय गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए दबिश दी। मौके पर जेसीबी मालिक सुनील उर्फ गोलू को भी काबू किया गया, जो खड्ड में अवैध रूप से खनन करता पाया गया।

जानकारी के अनुसार टीम में एएमआई सत्य देव, गार्ड कैलाश ठाकुर और चंद्र कुमार शामिल थे, जिन्होंने रूटीन चेकिंग के दौरान इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच के बाद दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया। विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जेसीबी पर 80 हजार रुपये और टिप्पर पर 25 हजार रुपये का चालान काटा है, साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

माइनिंग इंस्पेक्टर हेमराज ने बताया कि जिला माइनिंग अधिकारी के निर्देशों के अनुसार क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!