Kangra: कांगड़ा में ट्रांसपोर्ट ठप, सड़कों पर हंगामा: यात्रियों को उतार रहे हड़ताली चालक, हालात बेकाबू

हिमाचल प्रदेश में ATS नीति के खिलाफ विरोध अब कांगड़ा जिले में उग्र रूप ले चुका है। शाहपुर, चंबी और घटनालू जैसे प्रमुख इलाकों में टैक्सी और निजी बस ऑपरेटरों ने चक्का जाम कर दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था चरमरा गई है। निजी बसें पूरी तरह सड़कों से गायब हैं और हजारों यात्री बीच रास्ते में फंसे हुए हैं।

शाहपुर बस स्टैंड और चंबी चौक पर सुबह से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रदर्शनकारी न केवल अपनी सेवाएं बंद रखे हुए हैं, बल्कि अन्य निजी वाहनों को भी सवारियां ले जाने से रोक रहे हैं। चंबी और घटनालू में भी यही स्थिति बनी हुई है। शाहपुर में हालात तब बिगड़ गए जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने निजी कारों को रोककर उनमें बैठी सवारियों को नीचे उतरने के लिए मजबूर कर दिया। इस दौरान यात्रियों और चालकों के बीच बहस और धक्का-मुक्की भी हुई। यात्रियों का कहना है कि उनकी परेशानी को नजरअंदाज कर उन्हें इस विरोध का हिस्सा बनाया जा रहा है।

Also Read — Himachal: Kangra में ATS के खिलाफ बवाल, NH-154 पर चक्का जाम, चेतावनी- नहीं मानी मांगें तो पूरी तरह थम जाएगा पहियों का पहिया

Full News 👉 https://himlivetv.com/kangra-ats-protest-nh154-chakka-jam-bus-taxi-strike/

हड़ताल का असर सरकारी परिवहन पर भी साफ दिख रहा है। एचआरटीसी बसों पर भारी दबाव देखने को मिल रहा है। बस स्टैंडों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है और जो भी बस पहुंच रही है, वह तुरंत ओवरलोड हो रही है। कई लोग खिड़कियों और पायदानों पर लटककर सफर करने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और कॉलेज छात्रों को हो रही है, जिन्हें समय पर अपने संस्थानों तक पहुंचना था, लेकिन उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पुलिस बल तैनात कर दिया है। शाहपुर, चंबी और घटनालू के प्रमुख स्थानों पर पुलिस की टीमें तैनात हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि प्रदर्शनकारियों के सख्त रुख के चलते व्यवस्था को सामान्य करना चुनौती बना हुआ है।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि ATS के विरोध में आम जनता को परेशान करना सही नहीं है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में निजी परिवहन पूरी तरह ठप है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!