Kangra: 1905 जैसे खतरे की चेतावनी! धर्मशाला में उपायुक्त बोले—अगर अभी नहीं संभले तो भारी पड़ सकता है

धर्मशाला में 1905 के कांगड़ा भूकंप की 121वीं वर्षगांठ के अवसर पर पुलिस ग्राउंड में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा द्वारा आपदा जागरूकता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि आज के समय में लोगों के लिए यह बेहद जरूरी है कि वे केवल प्रमाणिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि किसी भी आपदा से जुड़ी सही जानकारी के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि भूकंप जैसी आपदाएं कुछ ही सेकंड में भारी तबाही मचा सकती हैं, इसलिए हर व्यक्ति को व्यक्तिगत स्तर पर तैयार रहना जरूरी है। विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। एनसीसी, एसडीआरएफ, आपदा मित्र और अन्य स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण लेकर समाज की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।

उपायुक्त ने यह भी बताया कि जिला प्रशासन समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है, जिनमें युवाओं को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इससे न केवल वे आपदा के समय बेहतर तरीके से प्रतिक्रिया दे सकेंगे, बल्कि उनके लिए करियर के नए अवसर भी खुलेंगे।

इससे पहले उपायुक्त ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में एसडीआरएफ, एनसीसी, आपदा मित्र, स्वयंसेवक और पुलिस बैंड ने भाग लिया। रैली पुलिस मैदान धर्मशाला में संपन्न हुई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस मैदान में भूकंप और अन्य आपदाओं से जुड़ी कई जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को जागरूक किया गया, जबकि एसडीआरएफ ने प्राथमिक चिकित्सा और सीपीआर का प्रशिक्षण भी दिया। इसके अलावा एचपी राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और अग्निशमन विभाग ने आपदा के समय उपयोग में आने वाले उपकरणों का प्रदर्शन भी किया।

इस अवसर पर डीएसपी कैलाश शर्मा, उप निदेशक माय भारत ध्रुव डोगरा, डीडीएमए से रोबिन कुमार, कुलदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!