हमीरपुर जिले में चार दिन के दौरे के दौरान राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एसपी कत्याल ने राशन डिपुओं, गोदामों, आटा मिलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों और वृद्ध आश्रम सहित कई संस्थानों का गहन निरीक्षण किया। दौरे के समापन पर शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि इस दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत चल रही योजनाओं की जमीनी हकीकत को करीब से परखा गया।
डॉ. कत्याल ने कहा कि निरीक्षण के दौरान योजनाओं का क्रियान्वयन कुल मिलाकर संतोषजनक पाया गया, लेकिन खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और आम लोगों तक इसकी बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दौरे के पहले दिन विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत रिपोर्ट ली गई, जिसके बाद उन्होंने विकास खंड टौणी देवी में आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों और राशन डिपुओं समेत छह संस्थानों का निरीक्षण किया। दूसरे दिन भोरंज उपमंडल में 12 संस्थानों और तीसरे दिन नादौन व हमीरपुर उपमंडल में 15 संस्थानों का दौरा किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राशन डिपुओं में खाद्यान्न के सही भंडारण, वितरण और सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों को एक स्वच्छ और आधुनिक व्यवस्था के साथ संचालित किया जाना चाहिए। साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन और शिकायत नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं, ताकि किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि जो डिपो बेहतर काम कर रहे हैं, उन्हें आईएसओ सर्टिफिकेशन के लिए भी अनुशंसित किया जा सकता है।
आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में मिड डे मील की रसोई में साफ-सफाई को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में निरीक्षण करने और सैंपलिंग-टेस्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। आटा मिलों में एनएफएसए के तहत मिलने वाले गेहूं की पिसाई पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान एक वृद्ध आश्रम में एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिलने पर उसे तुरंत नष्ट करने के आदेश दिए गए।
डॉ. कत्याल ने कहा कि प्रदेश में खाद्य गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। आयोग जल्द ही इस संबंध में सरकार को अपने सुझाव भेजेगा। इस मौके पर जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक शिव राम, राज्य खाद्य आपूर्ति निगम की क्षेत्रीय प्रबंधक रीटा कुमारी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!