Solan: नौणी यूनिवर्सिटी के छात्रों का कमाल! ICFRE परीक्षा में 4 में से 3 पद झटके, बनाया नया रिकॉर्ड

हिमाचल प्रदेश के डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के तीन पूर्व छात्रों ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है। इन छात्रों ने भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (ICFRE), देहरादून द्वारा जनवरी माह में आयोजित प्रतिष्ठित वैज्ञानिक ‘बी’ (वानिकी) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदों में से तीन पद अपने नाम किए हैं। इस परीक्षा के परिणाम हाल ही में घोषित किए गए हैं, जिसके बाद पूरे विश्वविद्यालय में खुशी की लहर है।

सफल अभ्यर्थियों में जतिन कुमार, उदय कुमार लोध और दीपशिखा सिंह शामिल हैं, जो वानिकी महाविद्यालय के सिल्वीकल्चर एवं एग्रोफॉरेस्ट्री विभाग के छात्र रहे हैं। सोलन जिले के धर्मपुर निवासी जतिन कुमार ने इस परीक्षा में वानिकी विषय में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने वर्ष 2024 में डॉ. डीआर भारद्वाज के मार्गदर्शन में एग्रोफोरेस्ट्री में पीएचडी पूरी की और 8.96/10 ओजीपीए के साथ विभाग में टॉप किया। वहीं, आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम निवासी उदय कुमार लोध ने वर्ष 2023 में डॉ. सीएल ठाकुर के निर्देशन में वानिकी में पीएचडी 8.18/10 ओजीपीए के साथ पूरी की। बिहार के भागलपुर की रहने वाली दीपशिखा सिंह ने वर्ष 2022 में डॉ. डीआर भारद्वाज के मार्गदर्शन में वानिकी में एमएससी 8.37/10 ओजीपीए के साथ पूरी की।

वानिकी क्षेत्र की सबसे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में से एक में यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का परिणाम है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मजबूत अनुसंधान प्रणाली और बेहतर मार्गदर्शन को भी दर्शाती है। सिल्वीकल्चर विभाग के छात्र लगातार राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।

कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने इस उपलब्धि पर छात्रों को बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों और उनके शिक्षकों की मेहनत का नतीजा है और उम्मीद जताई कि ये युवा वैज्ञानिक भविष्य में देश के वानिकी क्षेत्र में अहम योगदान देंगे। वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सीएल ठाकुर और विभाग के अन्य शिक्षकों ने भी छात्रों को शुभकामनाएं दीं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!