Kangra: शाहपुर में बड़ा ‘ग्रीन’ धमाका! 2 करोड़ के सोलर प्लांट का शिलान्यास, गांव बनेगा ऊर्जा में आत्मनिर्भर

धर्मशाला से एक बड़ी विकास खबर सामने आई है, जहां शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के गुब्बर में 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सोलर पावर प्लांट का शिलान्यास कर दिया गया है। विधानसभा उपमुख्य सचेतक और शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत परगोड के गुब्बर में 500 किलोवाट क्षमता वाले इस सोलर प्लांट की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का निर्माण कार्य 31 मई से पहले पूरा कर लिया जाएगा, जिससे क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलेगी।

इस मौके पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। ग्रीन पंचायत कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर की पंचायतों में 500 किलोवाट क्षमता के ग्राउंड माउंटेड सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे गांव स्तर पर ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत किया जा सके।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में 24 ग्राम पंचायतों में सौर संयंत्र लगाने की मंजूरी मिल चुकी है, जिनमें से 16 पंचायतों में काम शुरू हो चुका है। इस पूरी योजना के तहत 150 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया है। खास बात यह है कि इन परियोजनाओं से होने वाली आय का 20 प्रतिशत हिस्सा अनाथ बच्चों और विधवाओं की सहायता के लिए खर्च किया जाएगा।

कार्यक्रम के बाद विधायक ने ग्राम पंचायत हारचक्कियां के वार्ड नंबर 2 का दौरा भी किया, जहां उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!