थल सेना में अग्निवीर भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 10 अप्रैल कर दिया गया है, जिससे इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। पहले यह अंतिम तिथि 1 अप्रैल तय की गई थी।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीर जीडी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क एवं एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) और अग्निवीर महिला मिलिटरी पुलिस के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। अब उम्मीदवार 10 अप्रैल तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जो उम्मीदवार निर्धारित समय के भीतर आवेदन करेंगे, उन्हें पहले ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा देनी होगी। इस परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को आगे ग्राउंड टेस्ट के लिए भर्ती रैली में शामिल किया जाएगा।
इच्छुक और पात्र युवा आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर लॉग इन कर आवेदन कर सकते हैं। कर्नल श्रीधर राजन ने यह भी स्पष्ट किया कि आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास सक्रिय मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होना जरूरी है, जो आधार नंबर से लिंक होना चाहिए।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!