चम्बा जिले के तीसा थाना क्षेत्र में महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें इंस्टाग्राम पर अपलोड करने और धमकी देने का मामला अब और गंभीर हो गया है। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए साइबर टीम को भी इस केस में शामिल कर लिया है। इस मामले में एक मोबाइल फोन पुलिस ने कब्जे में लिया है, जिससे जुड़े अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने इसी मोबाइल फोन के जरिए आपत्तिजनक तस्वीरें भेजी थीं। अब इस फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि डिजिटल साक्ष्यों की वैज्ञानिक पुष्टि की जा सके। पुलिस की साइबर टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत जुटाने में लगी हुई है।
मामले के मुख्य आरोपी मोहर सिंह और नरेश कुमार, जो डोडा (जम्मू-कश्मीर) के निवासी हैं, पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। तीसा पुलिस ने दोनों आरोपियों को आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है और उन्हें थाने में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस उनके सामने आने के बाद उनसे पूछताछ करेगी और यह जानने की कोशिश करेगी कि ये तस्वीरें उनके पास कैसे पहुंचीं और क्या इस मामले में कोई और भी शामिल है।
गौरतलब है कि पीड़ित महिला के पति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपियों ने उसकी पत्नी की आपत्तिजनक तस्वीरें इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक कर दी हैं और लगातार अन्य तस्वीरें वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!