करसोग क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का एक बड़ा अवसर सामने आया है। उप-रोजगार कार्यालय करसोग के प्रभारी रोहित गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर की ओर से सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 100 पदों को भरने के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। ये सभी पद नियमित आधार पर होंगे और इन पर केवल पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं।
रोहित गुप्ता ने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन दिया जाएगा। 8 घंटे की ड्यूटी के लिए 14,500 से 17,500 रुपए प्रतिमाह वेतन मिलेगा, जबकि 12 घंटे की ड्यूटी के लिए 19,500 से 23,500 रुपए प्रतिमाह तक सैलरी दी जाएगी। इसके अलावा कंपनी की ओर से ईपीएफ, ईएसआई और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ गुजरात और चंडीगढ़ में भी की जा सकती है।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास या उससे अधिक निर्धारित की गई है। आयु सीमा 19 से 40 वर्ष के बीच रखी गई है। इसके अलावा शारीरिक मापदंड भी तय किए गए हैं, जिनके अनुसार उम्मीदवार की लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 52 से 95 किलोग्राम के बीच होना जरूरी है।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 13 मार्च को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक उप-रोजगार कार्यालय करसोग, जिला मंडी में आयोजित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों को अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, रिज्यूम और रोजगार पंजीकरण पत्र लेकर आना होगा। विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!