चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी जिले के पंडोह के पास देर रात एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। यहां एसबीआई मोड़ के समीप एक कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार और कार चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब के लुधियाना के ताजपुर गांव निवासी सतनाम सिंह अपनी मोटरसाइकिल पर मणिकरण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुल्लू की तरफ से आ रही एक कार से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। यह कार मंडी के धार झोल निवासी निशांत शर्मा चला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस और स्थानीय निवासियों की सहायता से दोनों घायलों को जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पंडोह पुलिस चौकी में तैनात हवलदार रजनीकांत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!