हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डलहौजी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी से 4 किलो 664 ग्राम चरस बरामद की गई। इस मामले में चंबा जिले के चुराह क्षेत्र से संबंध रखने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा के नेतृत्व में एसडीपीओ कार्यालय और बनीखेत पुलिस चौकी की टीम लाहड़ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक अस्थायी नंबर वाली टैक्सी को जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस ने गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान टैक्सी से 4 किलो 664 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान राम दयाल और बालक राम के रूप में हुई है, जो चुराह तहसील के टिकरीगढ़ गांव (ग्राम भराड़ा) के निवासी बताए जा रहे हैं।
डलहौजी पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। मामले की गहन पड़ताल जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!