Kangra: शाहपुर में बच्चों के लिए अनोखी पहल: विधायक केवल सिंह पठानिया ने नेचर कैंप बस को दिखाई हरी झंडी, प्रकृति और विज्ञान से रूबरू होंगे 44 विद्यार्थी

शाहपुर में बच्चों को कक्षा से बाहर निकालकर प्रकृति और विज्ञान से जोड़ने की अनोखी पहल की गई है। शुक्रवार को शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रैत में एटीसी शाहपुर के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय नेचर कैंप के लिए बच्चों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस नेचर कैंप में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकण्डी इलाके के पांच स्कूलों के 44 विद्यार्थी और 6 अध्यापक भाग ले रहे हैं। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह, कनोल, दरीणी, राजकीय उच्च विद्यालय भलेड़ और राजकीय मिडल स्कूल तल के छात्र शामिल हैं। कैंप के दौरान बच्चे नेचर वॉक करेंगे, कांगड़ा घाटी के प्रसिद्ध चाय बागानों का भ्रमण करेंगे और पालमपुर स्थित ट्यूलिप गार्डन तथा साइंस सेंटर का दौरा करेंगे।

इस मौके पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि एटीसी शाहपुर द्वारा आयोजित यह चौथा नेचर कैंप है और इसका उद्देश्य बच्चों को किताबों से बाहर निकालकर व्यवहारिक ज्ञान देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कैंप बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा पैदा करते हैं और उन्हें नई ऊर्जा के साथ सीखने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे यहां से जो भी सीखें, उसे अपने परिवार और साथियों के साथ साझा करें ताकि ज्ञान का दायरा और बढ़ सके।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान एटीसी शाहपुर को सक्रिय किया गया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी और आम लोग इसका लाभ उठा सकें।

एटीसी की प्रभारी एवं वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया ने जानकारी दी कि नेचर कैंप के अलावा एटीसी में समय-समय पर विभिन्न प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों के माध्यम से महिलाओं और राजमिस्त्रियों को भी कौशल विकास से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

इस कार्यक्रम में बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता, डीपीओ अशोक शर्मा, प्रधानाचार्य अनिल जरयाल (भटेछ), प्रधानाचार्य शमशेर भारती (रैत), प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा (दरीणी), उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, संबंधित विद्यालयों के अध्यापक, एटीसी स्टाफ और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!