कहते हैं अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती। बिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल के एक युवा ने इस बात को सच कर दिखाया है। ग्राम पंचायत औहर के छोटे से गांव पलथीं के रहने वाले अतुल धीमान ने यूजीसी नेट परीक्षा में 99.89 पर्सेंटाइल हासिल कर जूनियर रिसर्च फैलोशिप (जेआरएफ) में शानदार सफलता प्राप्त की है।
अतुल की यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने यह मुकाम बिना किसी महंगी कोचिंग के हासिल किया। जहां आजकल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा लाखों रुपये खर्च करते हैं, वहीं अतुल ने घर पर रहकर सैल्फ स्टडी के माध्यम से तैयारी की और अपनी मेहनत के दम पर यह परिणाम हासिल किया। उन्होंने साबित किया कि संसाधनों से ज्यादा जरूरी लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास होता है।
अतुल धीमान ने यूजीसी नेट की परीक्षा टूरिज्म एडमिनिस्ट्रेशन मैनेजमेंट विषय में उत्तीर्ण की है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल घुमारवीं और बिलासपुर में हुई। इसके बाद उन्होंने स्वामी विवेकानंद डिग्री कॉलेज, घुमारवीं से स्नातक की पढ़ाई प्रथम श्रेणी में पूरी की।
अपनी सफलता का श्रेय अतुल ने अपने माता-पिता, परिवारजनों और गुरुजनों को दिया है। उनका कहना है कि बड़ों के आशीर्वाद और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं था। अतुल की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे औहर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं और युवा उन्हें प्रेरणा के रूप में देख रहे हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!