अंतर्राष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या इस बार एक नए विवाद की वजह से चर्चा में आ गई है। हिमाचल के सुप्रसिद्ध लोक गायक इन्द्रजीत का नाम 21 फरवरी की स्टार नाइट के लिए आधिकारिक निमंत्रण पत्र में मुख्य कलाकार के रूप में प्रकाशित था, लेकिन वे मंच पर प्रस्तुति देने नहीं पहुंचे। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर गायक ने प्रशासन के अंतिम समय में किए गए बदलाव पर गहरी नाराजगी जताई है और इसे कलाकार की गरिमा से जुड़ा मुद्दा बताया है।
जानकारी के मुताबिक, 21 फरवरी की स्टार नाइट पहले इन्द्रजीत के नाम तय की गई थी। प्रशासन ने 30 जनवरी को उन्हें फोन किया और 3 फरवरी को उनकी प्रस्तुति की पुष्टि की गई। इसके बाद आधिकारिक निमंत्रण पत्र भी जारी किया गया, जिसमें उनका नाम स्टार नाइट के लिए दर्ज था। लेकिन 11 फरवरी को एडीसी कार्यालय से उन्हें फोन कर बताया गया कि अब उन्हें सैकेंड लास्ट स्लॉट में प्रस्तुति देनी होगी, जबकि स्टार नाइट का स्लॉट गायक हंसराज रघुवंशी को दे दिया गया है।
इन्द्रजीत ने इस बदलाव पर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें स्टार नाइट न मिलने का कोई व्यक्तिगत दुख नहीं है, लेकिन एक बार आधिकारिक कार्ड जारी होने के बाद कलाकार का समय और स्लॉट बदलना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि हर कलाकार का अपना आत्मसम्मान और गरिमा होती है। यदि स्टार नाइट किसी अन्य कलाकार को देनी थी तो यह फैसला कार्ड छपने से पहले लिया जाना चाहिए था।
हालांकि, उन्होंने मंडी प्रशासन और डीसी मंडी अपूर्व देवगन के प्रति सम्मान भी जताया। इन्द्रजीत ने कहा कि डीसी मंडी हमेशा हिमाचली कलाकारों का समर्थन करते रहे हैं, इसलिए संभव है कि इस बदलाव के पीछे प्रशासन की कोई मजबूरी रही हो। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर सांस्कृतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!