Kangra: चक्की पुल पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक सवार दो युवक 6.50 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार, पंजाब से जुड़े तार

पुलिस जिला नूरपुर की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्की पुल कंडवाल के पास नाकाबंदी के दौरान बाइक पर सवार दो युवकों को 6.50 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नियमित जांच के दौरान की गई, जब पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर बाइक को रोका और तलाशी ली।

इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वंश निवासी मोहल्ला अचारजियां, वार्ड नंबर 3, सिविल अस्पताल के पास, पठानकोट (पंजाब) और सर्वजीत सिंह निवासी मोहल्ला आनंदपुर, रड़ा फिरनी कॉलोनी, पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस को तलाशी के दौरान उनके पास से 6.50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आरोपियों की बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे और इसे कहां सप्लाई करने वाले थे।

पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने जनता से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें और यदि कहीं भी नशा तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि नशा माफिया के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!