जिला नूरपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोमवार को सदवां चौक पर बाइक सवार दो युवकों को 717 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सदवां चौक पर पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी कर नियमित वाहन चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक को जांच के लिए रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखते ही बाइक पर सवार दोनों युवक घबराकर मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
इसके बाद जब पुलिस ने तलाशी ली तो बाइक सवार एक युवक के बैग से 717 ग्राम चरस बरामद हुई। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को तुरंत हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाल हुसैन निवासी गांव मलेठी, डाकघर सिल्लाघराट, जिला चंबा और मोहम्मद शरीफ निवासी गांव भलू, डाकघर सिल्लाघराट, जिला चंबा के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!