राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार में सत्र 2025–26 के अंतर्गत वार्षिक सीएससीए सांस्कृतिक समारोह ‘नवरंग’ का आयोजन पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सीएससीए अध्यक्ष ममता देवी के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। इसके बाद महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य मनोज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा सुहानी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसने पूरे माहौल को भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद प्रथम वर्ष की प्रियंका ने मधुर पहाड़ी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सांस्कृतिक समिति की सचिव मीनाक्षी ने अपने आकर्षक नृत्य से सभी को प्रभावित किया। वहीं तानिया, सिया, वंदना और कशिश ने भी शानदार नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम के दौरान बीए प्रथम वर्ष की छात्राओं ने पारंपरिक हिमाचली लोकनृत्य पेश कर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति की झलक दिखाई, जबकि बीए तृतीय वर्ष की छात्राओं ने ऊर्जावान पंजाबी नृत्य से दर्शकों में उत्साह भर दिया। साहित्यिक प्रस्तुतियों में महक, अंजली, सिमरन, सकीना और सुहानी ने पहेलियां और शायरी सुनाकर कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मंच पर प्रस्तुति देने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रो. हाकम चंद, प्रो. भूपिंदर सिंह और डॉ. आशा मिश्रा भी मौजूद रहे। समारोह के सफल आयोजन में सीएससीए अध्यक्ष ममता, सकीना, सुहानी और कल्पना सहित अन्य सदस्यों और महाविद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!