हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड के 86 तकनीकी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से लंबित पड़ी पदोन्नतियों को आखिरकार मुख्यमंत्री कार्यालय से मंजूरी मिल गई है, जिसके बाद इन कर्मचारियों को पदोन्नति का तोहफा मिला है। इस फैसले से बिजली बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है और इसे उनके लंबे इंतजार का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।
मंजूरी के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है। इसमें लाइन मैन से फोरमैन के पद पर 4 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। हेल्पर पीएचई से इलेक्ट्रिशियन के पद पर 9 कर्मचारी, फोरमैन पीएचई से फोरमैन स्पेशल के पद पर 3 कर्मचारी, सहायक लाइनमैन से लाइनमैन के पद पर 18 कर्मचारी और टी-मेट से सहायक लाइनमैन के पद पर 46 कर्मचारियों को पदोन्नति मिली है। इसके अलावा सब स्टेशन हेल्पर से सब स्टेशन अटेंडेंट के पद पर भी 3 कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है। यह पदोन्नतियां तकनीकी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही हैं।
हिमाचल तकनीकी कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष रणबीर सिंह ठाकुर और उपमहासचिव पवन परमार ने बताया कि ये पदोन्नतियां पिछले कई महीनों से लंबित थीं और कर्मचारी लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे। महासंघ लगातार इस मुद्दे को सरकार और संबंधित विभाग के समक्ष उठाता रहा। अब मुख्यमंत्री कार्यालय से मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारियों और संघ ने राहत की सांस ली है। उन्होंने कहा कि यह फैसला तकनीकी कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
कर्मचारी नेताओं ने यह भी कहा कि राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के लगातार प्रयासों का ही यह परिणाम है। मुख्यमंत्री ने पहले ही आश्वासन दिया था कि फील्ड में मेहनत और ईमानदारी से काम करने वाले तकनीकी कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उसी आश्वासन के अनुरूप सरकार ने यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है। संघ ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों को इसी तरह पूरा करती रहेगी और तकनीकी कर्मचारियों को राहत मिलती रहेगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!