हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब उपमंडल के होनहार पैरा एथलीट सुनील कुमार ने दुबई में आयोजित 17वीं फज़ा अंतर्राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर दो रजत पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल ऊना बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश और देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
सुनील कुमार ने जैवलिन थ्रो स्पर्धा में 32.47 मीटर भाला फेंककर रजत पदक जीता। इसके अलावा शॉटपुट प्रतियोगिता में 8.04 मीटर गोला फेंकते हुए उन्होंने दूसरा रजत पदक हासिल किया। इससे पहले भी वह 23वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स गेम्स 2025 में जैवलिन थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीत चुके हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे सुनील ने एक बार फिर साबित किया है कि कड़ी मेहनत और संकल्प से अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी पहचान बनाई जा सकती है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सुनील कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि हिमाचल की खेल प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना बेहद सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सुनील भविष्य में भी देश के लिए पदक जीतते रहेंगे और राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दो रजत पदक जीतकर सुनील कुमार ने इतिहास रचा है। उन्होंने इसे पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया। वहीं, श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने भी सुनील और उनके परिवार को बधाई दी और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!