हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देहरा उपमंडल के अंतर्गत प्राथमिक पाठशाला चन्नौर में एक व्यक्ति ने स्कूल परिसर के अंदर ही मिड-डे मील वर्कर सलोचना देवी की दराट से वार कर हत्या कर दी। घटना के समय स्कूल में छोटे बच्चे मौजूद थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षकों ने तुरंत बच्चों को कमरों में बंद कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को प्रदेशभर में मिड-डे मील कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया था, लेकिन सलोचना देवी बच्चों को भूखा न रहने देने के लिए स्कूल पहुंची थीं। वह रसोई में भोजन तैयार कर रही थीं, तभी आरोपी हाथ में दराट लेकर वहां पहुंचा और उन पर लगातार वार करने लगा। हमले के दौरान स्कूल स्टाफ ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका।
स्कूल की मुख्य अध्यापिका सरिता देवी ने बताया कि आरोपी बेहद आक्रोशित था और शिक्षकों की गुहार के बावजूद हमले को अंजाम देता रहा। उसने शिक्षकों के सामने ही महिला को जान से मारने की धमकियां दीं। हालात बिगड़ते देख शिक्षकों ने बच्चों को तुरंत कक्षाओं में बंद कर दिया। बाद में पास के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के स्टाफ ने आरोपी पर पत्थर फेंके, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्कूल स्टाफ के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!