Kangra: धर्मशाला में महिला आयोग की विशेष अदालत में एक्शन, 11 मामलों की सुनवाई, 4 का तुरंत निपटारा

धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित विशेष अदालत का आयोजन वीरवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। मण्डलीय आयुक्त कार्यालय धर्मशाला में आयोजित इस जिला स्तरीय विशेष अदालत में पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना गया और संबंधित मामलों में जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करना है।

विशेष अदालत में महिला आयोग की अध्यक्षा विद्या नेगी, सदस्य सरोज शर्मा, रीना पुंडीर और रीना दरोच मौजूद रहीं। उन्होंने महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की और पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए, ताकि मामलों का शीघ्र और प्रभावी समाधान हो सके।

अध्यक्षा विद्या नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि दूसरे दिन कुल 11 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें से 4 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि 4 मामलों को लंबित रखा गया है। वहीं, 3 मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के पास भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आयोग इस तरह की विशेष अदालतों के माध्यम से महिलाओं को जल्दी न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

इस अवसर पर हिमाचल महिला आयोग कार्यालय शिमला से सदस्या सचिव बुशरा अंसारी, लॉ ऑफिसर यशपाल शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर, महिला थाना धर्मशाला से सब-इंस्पेक्टर रजनी, हेड कांस्टेबल आशा तथा महिला आयोग के निजी सचिव दिलीप सिंह और राधिका सूद भी मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!